कभी कथा केवल सुनाई नहीं जाती थी… कथा जीवन में उतारी जाती थी। कथाएँ जीवन को मार्ग दिखाती थीं, नई पीढ़ी में भक्ति जगाती थीं, त्याग सिखाती थी...
कभी कथा केवल सुनाई नहीं जाती थी… कथा जीवन में उतारी जाती थी।
कथाएँ जीवन को मार्ग दिखाती थीं, नई पीढ़ी में भक्ति जगाती थीं, त्याग सिखाती थीं, सेवा सिखाती थीं और यह समझाती थीं कि मनुष्य का जीवन केवल पाने के लिए नहीं, बनने के लिए मिला है।
लेकिन आज एक बड़ा प्रश्न सामने खड़ा है—
क्या हमारी कथा बदल गई है… या कथा सुनने वाले हम बदल गए हैं?
आज विदेशी परंपराओं जैसी महंगी सुख-सुविधाओं से सजे बड़े-बड़े पंडाल बना रहे हैं। मंच आधुनिक से आधुनिक होते जा रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर, किसी छोटे से पंडाल में बैठे साधारण वेश-भूषा वाले पंडित जी की कथा सुनने में लोगों की रुचि कम होती जा रही है।
क्यों?
क्योंकि मन में एक नई धारणा बैठ गई है—
“जो स्वयं साधारण जीवन जी रहा है, वह हमें क्या देगा?”
अरे भाई!
कथा का काम तुम्हें धनवान बनाना था या धर्मवान बनाना?
कथा का उद्देश्य तुम्हारी तिजोरी भरना था या तुम्हारा हृदय भरना?
कथा तुम्हें संसार का मालिक बनाने नहीं आई थी…
वह तुम्हें अपने मन का मालिक बनाना चाहती थी।
आज कथा धीरे-धीरे मनोकामना पूर्ति सेंटर बनती जा रही है।
कहीं धन प्राप्ति के उपाय, कहीं अमीर बनने के टोटके, कहीं सांसारिक सफलता के नुस्खे…
और ज्ञान?
वह पीछे छूटता जा रहा है।
जहाँ कभी भगवान की कथा सुनकर आँखें नम होती थीं, वहाँ अब मंच का आकर्षण बढ़ता जा रहा है—नाच, गाना, झाँकियाँ, कृत्रिम सजावट और मनोरंजन।
कथा मनोरंजन नहीं थी।
कथा मन का परिवर्तन थी।
जरा भागवत की कथाओं को देखिए।
राजा परीक्षित के पास राज्य था, वैभव था, प्रतिष्ठा थी। लेकिन जब मृत्यु का सत्य सामने आया तो सब छोड़कर कथा के पास आ गए।
क्यों?
क्योंकि मृत्यु के सामने धन नहीं, ज्ञान काम आता है।
धुंधकारी ने भोग-विलास में जीवन गंवाया, लेकिन अंततः कथा के माध्यम से मुक्ति का मार्ग मिला।
भरत जी मोह में बंधे, तो ज्ञान ने उन्हें जगाया।
ध्रुव जी ने केवल राज्य और वैभव को लक्ष्य नहीं बनाया; गुरु नारद जी का मार्गदर्शन पाया और भक्ति का मार्ग प्राप्त किया।
कपिल मुनि का ज्ञान,
गनिका की भक्ति,
और भगवान के दशावतारों की कथाएँ—
इन सबका मूल संदेश क्या था?
मनुष्य को भीतर से बदलना।
लेकिन आज हम कथा में भी बाहर की चीजें खोज रहे हैं।
हमें कथा से धन चाहिए, प्रतिष्ठा चाहिए, सफलता चाहिए, इच्छा की पूर्ति चाहिए।
पर कथा हमसे पूछती है—
“तुम्हारे भीतर क्या बदला?”
कलियुग की कथा का आरंभ ही हमें सावधान करती है कि जब धर्मनिष्ठ राजा भी मोह और परिस्थितियों में फँस सकते हैं, तो हम किस बात के अहंकार में हैं?
तुम न उनसे बड़े ज्ञानी हो,
न उनसे बड़े धनवान,
न उनसे बड़े सामर्थ्यवान।
फिर भी मृत्यु का विचार आते ही हम क्यों नहीं जागते?
कथा तुम्हें इस लोक में सब कुछ पाने का लालच देने नहीं आई है।
कथा तुम्हें उस लोक के लिए तैयार करने आई है।
इसलिए कथा का मूल्य पंडाल की ऊँचाई से मत आँकिए।
कथा का मूल्य मंच की भव्यता से मत आँकिए।
कथा का मूल्य वक्ता के वस्त्रों से मत आँकिए।
यह देखिए—
कथा सुनकर आपका जीवन कितना बदला?
आपके भीतर कितना त्याग आया?
भक्ति कितनी बढ़ी?
सेवा कितनी बढ़ी?
अहंकार कितना घटा?
क्योंकि—
कथा सुनना सरल है,
कथा को धारण करना साधना है।
और याद रखिए—
कथा केवल कानों तक पहुँचे और जीवन तक न पहुँचे, तो वह मनोरंजन बन सकती है।
लेकिन कथा कान से उतरकर हृदय में बैठ जाए,
हृदय से निकलकर कर्म में आ जाए,
तो वही कथा जीवन का उद्धार करने वाला मार्ग बनती है।
इसलिए—
कथा सुनो…
कथा समझो…
कथा को धारण करो…
और अपने जीवन को बचाओ।
क्योंकि जीवन की अंतिम परीक्षा में यह नहीं पूछा जाएगा कि तुमने कितनी कथाएँ कराईं…
पूछा जाएगा—
“जो कथा सुनी थी, उससे तुम्हारे जीवन में क्या बदला?”
— पूरन पंडित
Astrologer Puran Pandit



कोई टिप्पणी नहीं